विजेता व उपविजेता टीम को नकद राशि व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे की भरवानिया पट्टी में दो दिन से चल रही शहीद भगत सिंह क्रिकेट प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। इसमें वार्ड नंबर पांच व दस के बीच फाइनल मैच हुआ। जिसमें वार्ड नंबर दस ने 12 ओवर में जीत दर्जकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
नीरज ठाकुर व वंश ने बताया कि रविवार को पहला मैच वार्ड नंबर पांच व वार्ड नंबर चार जूनियर टीम के बीच हुआ। जिसमें जूनियर टीम ने 55 रन का लक्ष्य रखा। जिसमें वार्ड नंबर पांच ने चार ओवर में मैच जीत लिया। दूसरा मैच वार्ड नंबर आठ व वार्ड नंबर दस के बीच हुआ। वार्ड आठ ने पहले बैटिंग कर 69 रन बनाए। वार्ड नंबर दस ने सातवें ओवर से मैच जीत लिया। तीसरा मैच वार्ड नंबर 11 व पीसी क्वालिटी फर्नीचर हाउस के बीच हुआ। पीसी क्वालिटी फर्नीचर ने छठे ओवर में मैच जीता।
सेमीफाइनल मैच पीसी क्वालिटी फर्नीचर व वार्ड नंबर दस के बीच हुआ। पीसी क्वालिटी फर्नीचर ने 62 रन का लक्ष्य रखा। वार्ड नंबर दस ने 9वें ओवर में मैच जीत लिया। फाइनल मैच में वार्ड दस की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वार्ड पांच की टीम ने 112 रन का स्कोर बनाया। वार्ड दस ने 12 ओवर में 115 रन बनाकर मैच जीत लिया। प्रतियोगिता का विनीत को मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता के उपरांत विजेता टीम को 5100 व ट्रॉफी जबकि उपविजेता टीम वार्ड नंबर पांच की टीम को 3100 रुपये व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में श्रीपाल, सत्यप्रकाश, नीरज चौधरी, विक्की शर्मा, विनोद, निखिल, पवन कुमार, विजयपाल शर्मा, अमित राजपूत एवं चेयरमैन विनोद कुमार का सहयोग रहा।