बागपत के दोघट में प्राथमिक विद्यालय नंबर एक भड़ल में विभागीय अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। विद्यालय में चार साल से बिजली की कोई व्यवस्था नहीं है। विद्यालय को विधानसभा चुनाव में मतदान केंद्र बनाया। 11 फरवरी को अंधेरे में ही वोटरों को मतदान करना पड़ेगा।
प्राथमिक विद्यालय नंबर एक भड़ल में चार साल पहले चोर विद्युत ट्रांसफार्मर का सामान चुराकर ले गए थे। शिक्षकों ने विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में तभी अवगत कराया, लेकिन अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया और विद्यालय में चार साल से बिजली नहीं है। बच्चे अंधेरे में पढ़ने को मजबूर हैं। विद्यालय में विद्युत कनेक्शन चल रहा है। विद्युत निगम बिना बिजली के ही बिजली का बिल दे रहा है। प्रधानाध्यापक विकास राणा ने बताया उच्चाधिकारियों को इस संबंध में कई बार अवगत कराया, लेकिन समस्या हल नहीं हुई। अब विधानसभा चुनाव सिर पर है। विद्यालय को मतदान केंद्र बनाया है। 11 फरवरी को चुनाव वाले दिन विद्यालय में मतदाताओं को अंधेरे में ही मतदान करना पड़ेगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा मतदान से पहले ही विद्यालय में बिजली की व्यवस्था करा दी जाएगी, लेकिन अभी तक कोई व्यवस्था नहीं कराई गई है।
वहीं प्राथमिक विद्यालय गैडबरा का भी यही हाल है। विद्यालय से कुछ दिन पहले विद्युत केबल चोरी हो गया था। प्रधानाध्यापक ने विभागीय अधिकारियों को भी इस संबंध में अवगत कराया था, लेकिन आज तक भी नया केबल नहीं लगाया है। इस विद्यालय को भी मतदान केंद्र बनाया है। यहां भी वोटरों को अंधेरे में ही मतदान करना पड़ेगा।