संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नैथला गांव में सोमवार रात चोरों ने किसान राकेश के मकान की दीवार तोड़कर दो भैंस चोरी कर लीं, तभी जाग होने पर दोनों भैंसों को लेकर चोर भागने लगे। इसके बाद ग्रामीणों ने घेराबंदी कर चोर शंकर उर्फ आसु निवासी नैथला को पकड़ लिया।
नैथला गांव निवासी किसान राकेश ने बताया कि सोमवार रात उसके मकान की दीवार तोड़कर चोर अंदर घुस गए। इसके बाद दो भैंस चोरी कर भागने लगे। ईंट गिरने से परिवार के सदस्य नींद से जाग गए और उन्होंने शोर मचा दिया। इसके बाद गांव के लोग इकट्ठा हो गए और चोरों की तलाश शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि गांव के बाहर एक चोर को दो भैंसों के साथ पकड़ लिया, जबकि उसके साथी भाग गए। जांच अधिकारी ब्रजेश कुमार का कहना है कि गिरफ्तार किए गए चोर शंकर उर्फ आसु को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया, उसके साथियों को तलाश किया जा रहा है।