कोरिया के चागोन में जुलाई में होगा वर्ल्ड कप
भोपाल व दिल्ली में हुए ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करने पर शूटर का हुआ चयन, खुशी मनाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। कोरिया के चागोन में नौ से 21 जुलाई तक होने वाले वर्ल्ड कप के लिए खेटा हटाना गांव के शूटर का चयन हुआ है। इस पर ग्रामीणों ने शूटर के परिजनों को बधाई दी है।
भोपाल में मार्च में आयोजित ट्रायल में शूटर सागर दांगी पुत्र ब्रजपाल ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम व द्वितीय ट्रायल में 600 में से 580 अंक प्राप्त किए थे। इसके बाद दिल्ली में अप्रैल में तीसरा व चौथा ट्रायल हुआ। इसमें भी शूटर ने शानदार प्रदर्शन किया। यहां भी 600 में से 580 अंक प्राप्त किए। जिसके आधार पर सागर दांगी का जुलाई में कोरिया के चागोन में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए चयन हुआ। कोच विपिन दांगी ने बताया कि वर्ष 2018 से सागर शूटिंग क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर रहा है। वह कई पदक जीत चुका है। उधर, सागर दांगी भी कोरिया में होने वाले वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है। सागर दांगी का कहना है कि लक्ष्य बनाकर कड़ी मेहनत करने से सफलता मिलती हैै। खुशी मनाने वालों में ब्रजपाल सिंह, विमलेश, शिवानी, दीया, भाई रवि, सुनील, आकाश, संदीप, प्रमोद आदि शामिल रहे।