बागपत। विकास कार्यों में अनियमितता पर बिचपड़ी के तत्कालीन ग्राम सचिव संदीप कुमार को निलंबित कर दिया गया है। डीपीआरओ बनवारी सिंह को निरीक्षण में गांव के विकास कार्यों में करीब 17.73 लाख रुपये की अनियमितता मिली थी। इसके साथ ही ग्राम सचिव के खिलाफ सहायक निबंधक सहकारिता को जांच सौंपी गई है।
डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बिचपड़ी गांव में वर्ष 2020-21 में कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया था। शौचालय पर अधिक धनराशि खर्च की गई थी तो पेंटिंग पर गलत तरीके से धनराशि व्यय की गई थी। प्राथमिक विद्यालय के लिए फर्जी सीसी रोड दिखाई गई तो फर्जी स्वागत गेट, फर्जी सफाई कार्य आदि दिखाकर करीब 17 लाख 73 हजार 736 रुपये का घपला किया गया था। इस मामले में तत्कालीन ग्राम सचिव संदीप कुमार को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद भी ग्राम सचिव ने कोई जवाब नहीं दिया तो डीपीआरओ बनवारी सिंह ने उनको निलंबित कर दिया। निलंबन की अवधि के दौरान वह डीपीआरओ कार्यालय से संबद्ध रहेंगे और उनके खिलाफ सहायक निबंधक सहकारिता जांच करेंगे।