कांवड़ यात्रा शुरू होने में कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं। पुरा महादेव पर कांवड़ियों का सैलाब उमड़ता है। व्यवस्था दुरुस्त रहे, इसके लिए प्रशासन इस बार कई नई व्यवस्थाओं में जुटा है।
जल लेने के लिए हरिद्वार जाने वाले कांवड़ियों के नाम और मोबाइल नंबर अब उनके गांव के प्रधान के रजिस्टर में अंकित होंगे। इससे कांवड़ियों का हिसाब-किताब तो मिलेगा ही, साथ ही जरूरत पड़ने पर उन्हें कॉल कर संपर्क भी किया जा सकेगा।
पुरा महादेव मंदिर शिव भक्तों की आस्था का केंद्र है। महाशिवरात्रि पर यहां हरिद्वार से लाया जल चढ़ाने के लिए लाखों कांवड़ियां पहुंचते हैं। पुलिस-प्रशासन ने मंदिर पर व्यवस्थाओं के अलावा कांवड़ मार्ग को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी।
एसपी पूनम ने बताया जिले से हरिद्वार जल लेने जाने वाले कांवड़ियों की संख्या और पहचान के लिए ग्राम पंचायत के रजिस्टर में रवानगी के दौरान नाम नोट कराने की पहल की जाएगी। संबंधित विभाग ग्राम प्रधान को इस बाबत पत्र भेज देंगे। इससे जिले के कांवड़ियों की संख्या का आइडिया तो लगेगा ही साथ ही किसी भी स्थिति में उनसे संपर्क कराना भी आसान रहेगा।
हरियाणा की सीमा पर चेकिंग
एसपी पूनम ने बताया जिले की सीमा से एंट्री करने वाले हरियाणा के विभिन्न जिलों से आने वाले कांवड़ियों की चेकिंग की जाएगी। यात्रा के दौरान शासन ने जिन चीजों को प्रतिबंधित किया है, उन्हें आगे नहीं ले जाने दिया जाएगा। इसके लिए मौके से ही कांवड़ियों के परिवार से भी संपर्क किया जाएगा। जिन चीजों की अनुमति होंगी उन्हें ही यात्रा पर ले जाने की छूट होगी।