संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। काठा गांव में बुखार से एक किशोर व युवती की मौत के बाद रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। जांच में गांव में गंदगी तथा फ्रीज की ट्रे में लार्वा मिला। टीम ने गांव के 53 लोगों की जांच की। इनमें से 11 लोगों में बुखार की पुष्टि हुई तथा नौ खांसी से पीड़ित मिले। टीम ने 30 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि काठा गांव में एक नवंबर को किशोर अनिकेत और तीन नवंबर को युवती आरती की बुखार से मौत होने की सूचना मिली थी। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर जांच की। टीम को मृतक के परिवार के घर के फ्रीज में लार्वा मिला और गांव की नालियों में गंदगी मिली। उन्होंने बताया कि टीम ने दोनों की जांच रिपोर्ट भी देखी। किशोर व युवती का बड़ौत के भोपाल नर्सिंग होम में उपचार चल रहा था। टीम ने गांव के 53 लोगों की जांचकर चार परिवारों के 30 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। गांव की सफाई व्यवस्था को लेकर ग्राम प्रधान से भी वार्ता की गई और ग्रामीणों को संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता अपनाने, पानी एकत्रित न होने देने के प्रति जागरूक किया गया।