अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। ईद उल अजहा और रक्षा बंधन के त्योहार के मद्देनजर प्रशासन ने जिले में चौकसी बढ़ा दी गई है। एहतियात के लिए जिले को तीन जोन और 11 सेक्टर में बांटा गया है। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिले में मिश्रित आबादी के 25 क्षेत्र चिन्हित कर चौकसी बढ़ाई गई है।
एएसपी अनित कुमार ने बताया कि प्रत्येक तहसील को जोन बनाया गया है। एसडीएम और सीओ त्योहार पर अपने जोन की सुरक्षा व्यवस्था देखेंगे। टीम को भ्रमणशील रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा 11 सेक्टर बनाए हैं। एसओ अपने क्षेत्र में टीम के साथ गश्त करेंगे। बड़ौत नगर में दो सेक्टर बनाए हैं। एसओ के अलावा एसएसआई को सेक्टर की जिम्मेदारी दी। इसके अलावा स्थानीय खुफिया विभाग की टीम को अलग अलग क्षेत्र में निगरानी रखने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मिश्रित आबादी में तैनात रहेगी पुलिस
बागपत। प्रत्येक थाना क्षेत्र में मिश्रित आबादी पर पुलिस की नजर है। करीब 25 संवेदनशील जगह चिन्हित की। गणमान्य लोगों की कमेटी इन जगहों पर बना दी गई है। पुलिस टीम एक से तीन अगस्त तक इन स्थानों पर तैनात रहेगी।
67 ईदगाह पर तैनात रहेगी पुलिस
बागपत। जिले में 67 ईदगाह हैं। प्रत्येक पर ईद उल अजहा के दिन पुलिस तैनात रहेगी। किसी को ईदगाह पर नमाज नहीं पढ़ने दी जाएगी। इसके अलावा जिले की प्रमुख मस्जिदों में भी पुलिस तैनात रहेगी। बड़ौत और बागपत में विशेष निगरानी रहेगी। बरनावा क्षेत्र पर भी पुलिस की खास नजर है।
पीएसी भी रहेगी संवेदनशील स्थानों पर
बागपत। जिले में एहतियात के तौर पर पीएसी बल भी तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर पीएसी गश्त करेगी। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर पीएसी मूवमेंट करती रहेगी।