खेकड़ा। तहसील के राजस्व निरीक्षक के घूस लेते हुए वीडियो वायरल हो गई। एडीएम के निर्देश पर एसडीएम ने मामले की जांच बैठा दी। एसडीएम ने तहसील के कर्मचारियों को ईमानदारी के साथ कार्य करने की चेतावनी दी।
खेकड़ा तहसील में भ्रष्टाचार के कई मामले प्रकाश में आ चुके हैं। तहसील में कार्य कराने के लिए आने वाले लोगों से कर्मचारी सुविधा शुल्क वसूलकर ही कार्य करते हैं। खेकड़ा निवासी अधिवक्ता सुधीर धामा ने शुक्रवार को तहसील के राजस्व निरीक्षक की जमानती हैसियत बनाने के नाम पर रुपये लेते हुए वीडियो वायरल की वीडियो में राजस्व निरीक्षक अधिवक्ता सुधीर धामा से 500 रुपये लेते हुए नजर आ रहे हैं।
एडीएम अमित कुमार ने उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेकर एसडीएम खेकड़ा को मामले की जांच कराने के आदेश दिए हैं। एसडीएम अजय कुमार ने कहा उक्त प्रकरण की जांच शुरू करा दी गई है। यदि जांच में वीडियो सही पाई तो आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने तहसील के कर्मचारियों को ईमानदारी से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। कहा अनियमितता में लिप्त मिलने वाले कर्मचारियों को नहीं बख्शा जाएगा। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।