-शिकायत के बाद भी निगम के अधिकारी जेई को बचाने में जुटे
फोटो संख्या 8
बड़ौत। ऊर्जा निगम में तैनात एक अवर अभियंता का नोडल अधिकारी के साथ धक्का-मुक्की व गाली-गलौच करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेज से वायरल हो रहा है। आरोप है कि शिकायत के बाद भी निगम के अधिकारी जेई को बचाने में जुटे हैं।
यह मामला नेहरू रोड का बताया जा रहा है। कुछ दिन पहले नगर में तैनात संविदा कर्मचारी सड़क दुघर्टना में घायल हो गया था। सूचना पर पहुंचे नोडल अधिकारी ने घायल को नेहरू रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया था। इसी बात से नाराज होकर मौके पर पहुंचे जेई ने नोडल अधिकारी से गाली-गलौच की। साथ ही नोडल अधिकारी की बाइक से चाबी निकाल ली। आरोप है कि बाइक की चाबी मांगने पर जेई ने नोडल अधिकारी से धक्का-मुक्की शुरू कर दी। यह पूरा मामला वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। अब यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पहले भी उपभोक्ता उक्त जेई पर अवैध उगाही करने का आरोप लगा चुके हैं। हालांकि जेई ने सभी आरोप निराधार बताए हैं। इस संबंध में एक्सईएन केपी पुरी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, जिसकी जांच की जा रही है। दोषी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।