रटौल। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को सड़क हादसे में चंडीगढ़ निवासी रोशन, उनकी बहन अंजलि समेत तीन लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना सिंगौली तगा गांव के पास आगे चल रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में दो कारों के आपस में टकराने से हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया।
चंडीगढ़ निवासी रोशन अपनी बहन अंजलि के साथ फर्रुखाबाद से चंडीगढ़ लौट रहे थे। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सिंगौली तगा गांव के पास पहुंचते ही उनकी कार सामने चल रही बाइक को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान उनकी कार दूसरी कार से जा भिड़ी। दूसरी कार से टक्कर के बाद उनकी कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तुरंत घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया और उनके उपचार की व्यवस्था की। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर एक्सप्रेसवे पर लगे जाम को खुलवाया। पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जांच अधिकारी अतर सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।