बागपत। मानसून में लगातार हो रही बारिश का असर सब्जियों पर दिखाई देने लगा है। मंडी में कई सब्जियों के दाम दो गुना तक पहुंच चुके हैं। बारिश के साथ यमुना का जल स्तर बढ़ने से खादर क्षेत्र में सब्जी की फसल नष्ट हो गई है। इस कारण भी सब्जी के दाम बढ़ रहे हैं।
मानसून भले ही देर से आया हो, लेकिन अब रोजाना बारिश हो रही है। जिसके चलते सब्जी के दाम बढ़ने लगे हैं। पिछले दिनों पहाड़ी व मैदानी इलाकों में तीन दिन तक बारिश होने के बाद यमुना का जलस्तर बढ़ गया है। जिससे खादर क्षेत्र में सब्जी की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। खादर क्षेत्र में लौकी, तोरई, खीरा, ककड़ी, भिंडी की फसल उगाई जाती है। इस क्षेत्र से सब्जी आने पर मंडी में इनके दाम नहीं बढ़ पाते हैं। बरसात में ज्यादा बारिश होने पर सब्जी के दाम बढ़ते हैं। खुले बाजार में सब्जी अब पहले से दोगुने दाम पर मिल रही हैं। खादर में प्याज, टमाटर, अरबी, करेला समेत बाकी सब्जियां भी मंहगी हो गई हैं। सब्जी के अभी और दाम बढ़ने की उम्मीद हैं। सब्जी विक्रेता नदीम और दानिश के मुताबिक बारिश के बाद सब्जी के दाम बढ़ रहे हैं। खादर में सब्जी की फसल को बारिश ने पूरी तरह नष्ट कर दिया है। अब बाहर से सब्जी आ रही है, इसलिए सब्जी मंहगी हो रही है। सब्जी के दाम अभी और बढ़ने की उम्मीद है।
सब्जी के दाम पहले और अब
तोरई 20 40
भिंडी 30 40
शिमला मिर्च 40 80
लौकी 20 40
टमाटर 20 60
प्याज 25 40
करेला 30 60
नींबू 70 80
अरबी 30 40
नोट : सभी सब्जियों के दाम रुपये प्रति किलो में हैं।
------------------------------