-जर्मनी में चल रही शूटिंग चैंपियनशिप में लिया हिस्सा, व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक से चूकी
फोटो-एक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। माखर गांव की वंशिका चौधरी ने जर्मनी में चल रही जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस जीत से उनके परिजनों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। वह व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक जीतने से चूक गईं और चौथे स्थान पर रहीं।
यह चैंपियनशिप जर्मनी के सुहल में 16 से 26 जून तक आयोजित की जा रही है। वंशिका ने दस मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में चौथा स्थान प्राप्त किया। टीम स्पर्धा में वंशिका ने नव्या और बाना संस्कृति के साथ मिलकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने दस मीटर एयर पिस्टल में 1800 में से 1700 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। इंटरनेशनल शूटर और चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज की संस्थापिका शेफाली तोमर ने यह जानकारी दी। वंशिका के इस प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन हुआ है। पदक जीतने पर रेंज अध्यक्ष विनोद तोमर, सचिव सुमित राठी, कोच वाजिद खान, मुस्कान, मोईन चौधरी, आर्यन तोमर, वंश कौशिक ने खुशी जताई और कहा कि रेंज पर पहुंचने पर शूटर वंशिका का स्वागत किया जाएगा।