गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : BARAUT
ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों को सुनाई खरी-खोटी, थानाध्यक्ष ने मामला शांत किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। चौबली गांव के जंगल में बुधवार की गोवंश के अवशेष मिलने पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों को खरी-खोटी सुनाई। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। गड्ढे खुदवाकर गोवंशों के अवशेष को दफनाया गया। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की।
छपरौली थाना पुलिस को किसी ने सूचना दी कि चौबली गांव के जंगल में तीन से चार गोंवश की हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो गोवंश के अवशेष पड़े मिले। ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे गए। गोवंशों के अवशेष देखकर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस पर आरोप लगाते हुए उन्हें खरी-खोटी सुनाई। मामला बढ़ता देख छपरौली थानाध्यक्ष विनोद कुमार ग्रामीणों के बीच पहुंचे और समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद गड्ढा खुदवाकर गोवंशों के अवशेष दफनाए। उधर, ग्रामीण नितिन, दीपक, सुधीर, प्रमोद, आशीष, अरविंद ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस की तरफ से ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी गई है।