बड़ौत ब्लॉक मुख्यालय पर बीडीओं को ज्ञापन सौंपते ग्राम प्रधान।
- फोटो : BARAUT
बड़ौत (बागपत)। ग्राम सचिवों की एक माह से चल रही हड़ताल से ग्राम प्रधानों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर हंगामा-प्रदर्शन किया तथा नारेबाजी की। वहीं, डीएम व सीडीओ को संबोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि ग्राम सचिवों के खिलाफ यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 13 अक्तूबर को ब्लॉक मुख्यालय पर तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
खंड विकास कार्यालय बड़ौत के गांवों से काफी संख्या में प्रधान सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पर एकत्रित हुए। उन्होंने ग्राम सचिव के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधानों का कहना था कि पिछले एक माह से ग्राम सचिव हड़ताल पर हैं। इस कारण गांव में विकास कार्यों की गति पूरी तरह ठप हो चुकी है। ग्राम प्रधानों द्वारा इस संबंध में पहले भी अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम प्रधानों का कहना है कि हड़ताल पर रहने वाले सभी ग्राम सचिव के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। गांव में विकास कार्यों की गति को शुरू कराने के लिए शासन प्रशासन गंभीर कदम उठाए। ग्राम प्रधानों ने बीडीओ राहुल वर्मा को ज्ञापन के माध्यम से 13 अक्तूबर तक का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि समय अवधि तक ग्राम सचिवों की हड़ताल खत्म नहीं कराई गई तो ब्लॉक मुख्यालय पर तालाबंदी कर अनिश्चित हड़ताल कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। यहां एडीओ पंचायत सुधीर तोमर के अतिरिक्त ग्राम प्रधानों में भूपेंद्र प्रधान गूंगाखेड़ी, विनोद पंवार, विक्रांत, सुमित्रा, गौरव बावल समेत अन्य प्रधान व प्रधान प्रतिनिधि शामिल रहे।