बागपत के छपरौली में मानसिक रूप से कमजोर एक युवक ने छपरौली थाने की छत पर बने क्वार्टरों में घुसकर पुलिसकर्मियों पर सोते हुए हमला कर दिया। इसके बाद थाने की छत पर चढ़कर पथराव कर दिया। इसमें एक एसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। युवक को कई घंटे बाद छत से उतारा जा सका। वहीं, घायल पुलिसकर्मियों को पहले छपरौली सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से दो को गंभीर हालत में मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
सिनौली गांव से डायल 112 को एक संदिग्ध युवक घूमने की जानकारी मिली। इस पर वहां पहुंची डायल 112 टीम उसे छपरौली थाने ले आई। उसे मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण छोड़ दिया गया। इसके बाद युवक कस्बे की गलियों में घूमता रहा। रविवार आधी रात के बाद थाने के क्वार्टरों की छत पर चढ़ गया। वहां एक कमरे में सोए कांस्टेबल अमर राणा व शौकीन पाल को हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद चालक प्रवीण व एसआई देवेंद्र दुबे को भी हमला करके घायल कर दिया। इनका सीएचसी पर उपचार कराया। वहां से अमर राणा व शौकीन पाल को मेरठ के लिए रेफर कर दिया।
इस पर पुलिसकर्मी युवक को पकड़ने के लिए जुट गए। इस पर मानसिक रूप से कमजोर युवक थाने की छत पर चढ़ गया। वहां से ईंट फेंकनी शुरू कर दी। इससे आसपास के सैकड़ों लोग थाने के बाहर जमा हो गए। युवक को सोमवार सुबह करीब आठ बजे किसी तरह छत से नीचे उतार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें: यूपी के बड़े खनन माफिया की शामत: कुर्क हुई 21 करोड़ की संपत्ति, अफसरों ने लगाए बोर्ड, बढ़ेंगी इकबाल की मुश्किलें