दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के पास सांसद मनोज तिवारी समेत एनएचएआई के अधिकारी आएंगे। कार्यक्रम के बाद हल्के वाहनों को शुरू कराया जाएगा। भारी वाहनों को भी जल्द ही यहां चलाया जाएगा।
खेकड़ा में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से दिल्ली के अक्षरधाम तक एलिवेटेड सड़क पर रविवार से हल्के वाहन दौड़ने शुरू होंगे। अक्षरधाम के पास रविवार को पहले दिल्ली के कई सांसद व एनएचएआई के अधिकारी एलिवेटेड सड़क का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद इसे हल्के वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इसका औपचारिक रूप से उद्घाटन बाद में कराने की बात कही जा रही है।
विज्ञापन
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के अक्षरधाम से खेकड़ा तक के हिस्से में एलिवेटेड सड़क का निर्माण 1323 करोड़ रुपये से कराया गया है। इसको पूरा करने की समयावधि सबसे पहले दिसंबर 2023 थी। मगर निर्माण नहीं हो सका तो मार्च 2024 तक पूरा करने की बात कही गई। इसके बावजूद निर्माण अक्तूबर 2024 में पूरा हुआ। इसके बाद से दो बार एलिवेटेड सड़क पर वाहनों को दौड़ाकर ट्रायल किया जा चुका है और इसके सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने की रिपोर्ट दी गई थी।
इसका उद्घाटन दिसंबर 2024 में कराने की बात कही जा रही थी और इस तरह उद्घाटन भी नहीं सका। अब इसको बिना उद्घाटन के रविवार से हल्के वाहनों के लिए खोलने की बात कही जा रही है। इसके लिए अक्षरधाम मंदिर के पास सांसद मनोज तिवारी, हर्ष मल्होत्रा समेत अन्य नेता व एनएचएआई के अधिकारी आएंगे। वहां कार्यक्रम के बाद हल्के वाहनों को शुरू कराया जाएगा।
मंडौला के पास टोल व लोनी में बनाए गए कट
एलिवेटेड सड़क भले ही दिल्ली के अक्षरधाम से खेकड़ा के ईपीई तक बनी हुई है, मगर इसमें बीच में कई जगह सड़क पर ऊपर जाने व नीचे उतरने के लिए कट बनाए गए हैं। मंडौला में टोल प्लाजा लगाया जाएगा और वहां से वाहन एलिवेटेड सड़क पर ऊपर जा सकेंगे तो नीचे भी उतर सकेंगे। इसके अलावा लोनी में भी इस तरह की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आगे भी करीब चार जगह पर कट दिए गए हैं। इससे वाहन चालकों को गाजियाबाद व दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में जाने के लिए फायदा मिलेगा।
काफी समय बचेगा
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे से दिल्ली जाने में समस्या होती है। एलिवेटेड सड़क शुरू होने से दिल्ली जाने में काफी समस्या खत्म हो जाएगी। इससे गाजियाबाद भी जाना हो तो सीधे लोनी उतरकर आगे जा सकते हैं। इससे समय काफी बच जाएगा। इसको रविवार को शुरू करने की बात बताई गई है। -जितेंद्र धामा, प्रमुख भारी वाहनों पर फैसला जल्द
एलिवेटेड सड़क को रविवार को हल्के वाहनों के लिए खोलने को दिल्ली के अक्षरधाम के पास कार्यक्रम रखा गया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो रविवार दोपहर से इसे हल्के वाहनों के लिए खोला जाएगा। भारी वाहनों के लिए उद्घाटन के बाद इसे खोला जाएगा। -माजिद अब्बास, महाप्रबंधक