रमाला । दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर जिवाना टोल प्लाजा के पास बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जिवाना निवासी मुकुल पुत्र महेंद्र (55) बाइक पर अपने पड़ोसी प्रहलाद पुत्र उदयवीर (35) के साथ शनिवार शाम को अपने खेत की तरफ जा रहे थे। टोल प्लाजा के पास बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक बस में फंस गई। बस से भी धुआं निकलने लगा। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। चालक बस को छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर ने बताया मामले में तहरीर मिल गई है। बस को कब्जे में ले लिया है और की तलाश की जा रही है।
दिल्ली से शामली जा रही बस में कई यात्री सवार थे। बाइक में बस की टक्कर लगते ही यात्रियों में भी चीख-पुकार मच गई। सभी यात्री बस से उतरकर दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। मुकुल और प्रहलाद अपने खेत पर जाने के लिए बाइक पर घर से निकले थे। परिजनों को हादसे की सूचना मिली तो उनमें कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण हादसा स्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर दोनों के शव देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।े