दो ट्रैक्टरों की टक्कर, किसान की मौत
बिनौली (बागपत)। बिनौली-अमीनगर सराय मार्ग पर मंगलवार की रात दो ट्रैक्टरों की आमने सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रैक्टर सवार किसान की सड़क पर गिरने से मौत हो गई, जबकि एक ग्रामीण घायल हो गया। हादसे की सूचना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
मवीकला गांव निवासी राजकुमार (45) पुत्र समे सिंह मंगलवार की रात अपना ट्रैक्टर लेकर बिनौली से घर लौट रहा था। पड़ोस के गांव मवीखुर्द का राज सिंह पुत्र श्याम सिंह भी साथ था। अमीनगर सराय मार्ग पर दरकावदा चौराहे पर सामने से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली चालक ने उनके ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इससे राजकुमार ट्रैक्टर से उछलकर सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया जबकि राजसिंह भी चोटिल हुआ। आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे घायल को बागपत रेफर कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े भाई रामकुमार ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।