अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे में नेशनल हाईवे निर्माण के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले धरना 13वें दिन भी जारी रहा। दूसरी तरफ दुकानदार डॉ. सुनील अग्रवाल और मास्टर कृष्णपाल मानव भी शनिवार को सुबह से शाम तक भूख हड़ताल पर बैठे। उधर, नगर पंचायत के चेयरमैन ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को समस्याएं हल कराने का भरोसा दिया।
धरना स्थल पर भाकियू की युवा इकाई के जिला अध्यक्ष चौधरी हिम्मत सिंह ने कहा कि समस्या का निराकरण नहीं होने तक धरना जारी रहेगा। हाईवे निर्माण के लिए सड़क के मध्य से 13-13 मीटर पर निशानदेही करना दुकानदारों के साथ अन्याय है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकारी रिकॉर्ड के आधार दस मीटर पर हाईवे का निर्माण करने और 13 मीटर पर निर्माण करने पर मुआवजा देने की मांग की।
नगर पंचायत के चेयरमैन डॉ. विनोद कुमार ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा शीघ्र ही अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का हल निकाला जाएगा। धरने के 13वें दिन चौधरी करण सिंह उर्फ पिंकी, अश्वनी, मोहित, विकास, महिपाल, मुकेश रूहेला, संजय मानव, धर्मपाल, अयूब, इमरान, मोनू पहलवान, निसार अहमद, सलीम, शमशाद, नईम, सुमित वर्मा, राजू आदि धरने पर मौजूद रहे।