बिनौली(बागपत)। सोमवार को बिनौली अमीनगर सराय मार्ग पर सिरसलगढ़ के पास दो बदमाशों ने बाइक सवारों के साथ लूटपाट की। फौजी और उसके दोस्त ने वारदात की जानकारी मिलने पर दो में से एक बदमाश को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा।
जनपद मुजफ्फरनगर के हुसैनपुर कलां गांव निवासी मेहरबान पुत्र सराजुदीन अपने पुत्र सलमान के साथ सोमवार को बाइक पर सवार होकर अपनी रिश्तेदारी में तिलपनी गांव में जा रहे थे। सिसलगढ़ गांव से निकलते ही दो बदमाशों ने उन्हें डंडा मारकर गिरा दिया। बदमाश तमंचे के बल पर उनसे 32 हजार की नगदी और मोबाइल लूट कर खेतों में भाग गए। इसी दौरान सराय की ओर से एक्टिवा स्कूटर पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे। पीड़ितों ने रोककर उन्हें आप बीती बताई। उनकी बातें सुनकर गांव कुन्हेड़ा गाजियाबाद निवासी फौजी आजाद सिंह और उसके दोस्त जितेंद्र शर्मा ने एक नलकूप की छत पर चढ़कर बदमाशों को देखा तो उन्हें दोनों बदमाश खेतों में जाते दिखाई दिए। इसके बाद फौजी और उसके दोस्त ने उनके पीछे दौड़ लगा दी और अपनी जान की परवाह किए बिना ही उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया और धुनाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया। इस दौरान बदमाश का दूसरा साथी भागने में सफल रहा। थाने में पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम हिमांशु पुत्र देवेंद्र निवासी कमाला बताया। पुलिस ने उससे लूट के दो हजार रुपये भी बरामद किए। पुलिसकर्मियों ने फौजी और उसके दोस्त की दिलेरी की प्रशंसा की। इंस्पेक्टर ने कहा कि फरार बदमाश को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।