कोतवाली क्षेत्र के गांव ओसिक्का में हुई वारदात
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
फोटो संख्या-1
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। कोतवाली क्षेत्र के ओसिक्का गांव में सोमवार को बच्चों के खेलने को लेकर हुए विवाद के बाद आधा दर्जन लोगों ने एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं, दो अन्य युवक घायल हो गए। वहीं, पुलिस ने दबिश देकर तीन हमलावरों को दबोच लिया। हालांकि इस संबंध में समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई।
ग्राम ओसिक्का निवासी जाजू (67) पुत्र शेरद्दीन से यूसुफ पक्ष के लोगों ने बच्चों के खेलने को लेकर उसके भतीजे सालिम व तनसीर से मारपीट कर दी। जाजू ने बीचबचाव कराने का प्रयास किया। इस पर हमलावरों ने जाजू को निर्माणाधीन नाले में धकेल दिया। इसके बाद जमकर पिटाई की। परिजन उसे गंभीर हालत में लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इसके अतिरिक्त घायल सालिम व तनसीर को सीएचसी में भर्ती कराया। जाजू की मौत से परिवार में कोहराम मचा गया। वहीं, घटना के बाद दोनों पक्षों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सीओ आलोक कुमार का कहना है कि इस हत्याकांड में दबिश देकर वसीम, नसीम व उनके पिता यूसुफ को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं, थाना पुलिस तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई करेगी।