अमीनगर सराय। हजूराबाद गढ़ी गांव के किसान देवेंद्र उर्फ बिट्टू की हत्या के मुकदमे में जेल से जमानत पर आए हत्यारोपी अंकित को सिंघावली अहीर पुलिस ने उसके साथी उमर निवासी बड़ौत दो किलो 150 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक भी बरामद की गई। हत्यारोपी के पास से मिली चरस की कीमत बीस लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सिंघावली अहीर पुलिस ने डौला नहर की पटरी पर चेकिंग के दौरान अंकित निवासी हजूराबाद गढ़ी, उमर निवासी बड़ौत को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से दो किलो 150 ग्राम चरस और फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किया गया उमर गांजा तस्करी के मुकदमे में पहले भी जेल जा चुका है।
उसके खिलाफ गांजा तस्करी के कई मुकदमे दर्ज है। इसके अलावा अंकित निवासी हजूराबाद गढ़ी गांव के ही देवेंद्र उर्फ बिट्टू की हत्या के मुकदमे में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस प्रकरण में शुक्रवार को न्यायालय से जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आया।
पुलिस ने बताया कि हत्यारोपी अंकित जेल से जमानत पर बाहर आते ही चरस तस्करी करने के लिए चला गया था। हत्यारोपी अंकित और उसके साथी उमर से बरामद की गई चरस की कीमत बीस लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।