बागपत के सबसे बड़े सट्टा गिरोह का सरगना है सुमित पंजाबी, उसके साथ भाई व अन्य पर गैंगस्टर का मुकदमा
पुलिस ने झंकार गली के चार मकान, गर्ग एन्क्लेव का मकान व नौरोजपुर गुर्जर रोड की जमीन जब्त करने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। यहां के सबसे बड़े सट्टा गिरोह के सरगना सुमित पंजाबी समेत उसके भाई व अन्य सदस्यों पर पहली बार बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। सुमित पंजाबी व उसके भाई समेत छह के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही सुमित पंजाबी की करीब दो करोड़ की संपत्ति जब्त करने की संस्तुति के लिए डीएम को फाइल भेजी है।
एसपी नीरज कुमार जादौन के अनुसार नगर की झंकार गली निवासी सुमित पंजाबी गैंग चलाता है। इस गैंग में सुमित पंजाबी का भाई अमित पंजाबी, मुगलपुरा मोहल्ला निवासी शाहिद उर्फ सेवा व अनिल उर्फ कालू, महावीर गली निवासी विनोद व सुरेश भी शामिल हैं। यह गिरोह पर्चियों के अतिरिक्त ऑनलाइन सट्टा खिलाता है। वहीं, चरस व अवैध शराब की बिक्री करता है। इनके खिलाफ आधा दर्जन मुकदमें दर्ज हैं।
एक महीने पहले शाहिद उर्फ सेवा समेत दस से ज्यादा पकड़े थे। ये जेल से बाहर फिर से सट्टा व नशीले पदार्थों की बिक्री शुरू कर देते हैं। इस बार पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बागपत कोतवाली में शनिवार को प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने सुमित पंजाबी, अमित पंजाबी, शाहिद उर्फ सेवा, अनिल, विनोद व सुरेश के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का मानना है कि सुमित पंजाबी ने अपराध करके अवैध रूप से संपत्ति जुटाई है। इसलिए उसकी करीब दो करोड़ की संपत्ति जब्त की जाएगी। इसकी स्वीकृति के लिए फाइल तैयार कर डीएम के पास भेजी है।
झंकार गली में चार मकान, नौरोजपुर रोड पर जमीन
पुलिस के अनुसार गैंगस्टर सुमित पंजाबी की अभी छह संपत्ति चिह्नित की गई हैं। इनमें चार मकान हनुमान मंदिर वाली गली में हैं। एक मकान गर्ग एन्क्लेव में है। उसकी काफी जमीन नौरोजपुर गुर्जर रोड पर है। इनकी माप लोनिवि के अधिकारियों से कराई है। इनकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त सुमित पंजाबी की दिल्ली व हरियाणा में संपत्ति होने की जानकारी पुलिस को मिली है। इसके साथ ही वह संपत्ति नहीं बेच सके। इसके लिए रजिस्ट्रार को पुलिस ने पत्र भेजा है।