बागपत। शहर के दो दिन में दो व्यापारियों की मौत होने से व्यापारियों में शोक की लहर दौड़ गई। व्यापार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बाजार में प्रशासन से सख्त कार्रवाई व सैनिटाइजेशन कराने की मांग की है।
संयुक्त व्यापार वेलफेयर एसोसिएशन के महामंत्री संजय रूहेला ने बताया कि लगातार दो दिन से बुखार के कारण दो व्यापारियों की मौत हो गई। जिससे व्यापार के साथ-साथ परिजनों को भी आर्थिक नुकसान हुआ है। शुक्रवार को व्यापारियों ने शोक सभा कर मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने बताया कि गांधी बाजार में जनरल स्टोर संचालक व अधिवक्ता कुमार गौरव पिछले कई दिनों से बुखार की चपेट से परेशान थे। जिनका परिजनों ने मेरठ व गाजियाबाद के निजी अस्पताल में इलाज कराया। उन्होंने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। दूसरी ओर बड़ौत रोड पर बैट्री इन्वर्टर के व्यापारी वीरेद्र चौधरी भी बुखार के कारण उनकी बृहस्पतिवार को घर पर ही मौत हो गई। लगातार दो व्यापारियों की बुखार से मौत होने पर व्यापारी अध्यक्ष नंदलाल डोगरा, विक्की चौधरी, अरविंद गोयल, आकाश सेठी, हिमांशु गुलियान, पकंज जैन, अभिषेक जैन, मनोज कौशिक ने प्रसाशन से बाजार में दुकान खोल रहे कुछ दुकानदारों पर सख्ती व सैनिटाइजेशन कराने की मांग की है।