छपरौली। क्षेत्र के टांडा खादर में बुधवार को हुए संघर्ष में पुलिस ने हरियाणा के खोजकीपुर के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि अन्य आरापियों की गिरफ्तारी के पुलिस प्रयास कर रही है। सोमवार को इस मामले में दोनों राज्यों के अधिकारियों की बैठक होनी है।
टांडा के खादर में तीन दिन पहले हरियाणा के खोजकीपुर के ग्रामीणों ने टांडा के किसानों पर लाठी और धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। यूपी पुलिस के सामने ही उनकी मिर्च की फसल भी नष्ट कर दी थी। इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से 19 नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। थानाध्यक्ष छपरौली प्रदीप शर्मा ने बताया बलिंद्र उर्फ बिजेंद्र, सुखबीर, करण और दीपक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनके खिलाफ महामारी अधिनियम आदि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।