खेकड़ा (बागपत)। बंदपुर गांव निवासी किसान यशपाल को आत्महत्या के लिए विवश करने वाले मुख्य आरोपी सहित दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। दो आरोपी अभी भी फरार है, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
गांव बंदपुर निवासी किसान यशपाल ने दो माह पूर्व गांव सुन्हैड़ा रेलवे हाल्ट के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को उसकी जेब से सुसाइड नोट मिला था। इसमें लिखा था कि गांव के ही तीन लोगों पर उसके करीब पांच लाख रुपये हाथ उधारी के है। तगादा करने पर भी रुपये नहीं लौटा रहे हैं। उसके साथ मारपीट करते हैं। आरोपी उसकी हत्या करना चाहते है। मृतक यशपाल के भतीजे सोनू कुमार ने सुसाइड नोट के आधार पर बिट्टू उर्फ योगेंद्र, भूपेंद्र, प्रदीप और महेश के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर आत्महत्या के लिए विवश करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस क्षेत्राधिकारी युवराज सिंह का कहना है कि बृहस्पतिवार की रात में पुलिस ने दो आरोपियों बिट्टू उर्फ योगेंद्र और भूपेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को दोनों का चालान कर दिया। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।