बाइक सवार दंपति को रेत से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक के पहिया के नीचे आने से पति की मौत हो गई और उनकी पत्नी घायल हो गई। आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। हादसे के बाद परिजनों ने घटना स्थल पर जाम लगाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
बाखरपुर बालैनी के हरिओम यादव (28) अपनी पत्नी मोनिका यादव (26) के साथ बाइक से होली पर रविवार सुबह डौलचा गांव के पास स्थित चकबंदी देवता पर पूजा करने गए थे। वहां से लौटते समय वे दोनो जैसे ही बागपत-मेरठ मार्ग पर स्थित सिंघावली अहीर पुलिया के पास पहुंचे, तभी बागपत की ओर से जा रहे रेत के ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरने से ट्रक का पहिया हरिओम के ऊपर से गुजर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी घायल हो गई। उसको अस्पताल में भर्ती कराया । आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। परिजनों ने विरोध में जाम लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
मोनिका के ऊपर से गुजरी मौत
अमीननगर सराय। परिजनों के मुताबिक ट्रक की टक्कर लगने के बाद हरिओम और उनकी पत्नी सड़क पर गिर गई थी। हरिओम टायरों के नीचे आ गया था। इससे उनकी मौत हो गई और उनकी पत्नी मोनिका ट्रक के दोनों टायरों के नीचे गिर गई थी। इससे ट्रक उनके ऊपर से गुजर गया। इससे उनकी जान बाल-बाल बची।
बेटे के सिर से उठ गया बाप का साया ः अमीननगर सराय। हरिओम यादव के दो वर्षीय बेटा अंक्षित है। हादसे में उसके सिर से बाप का साया उठ गया है। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
हादसे में मारे गए व्यक्ति की नहीं हुई शनाख्त ः बागपत। हाईवे पर स्थित पाली गांव के पास रोडवेज बस और मैजिक गाड़ी की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उसके शव की अभी तक शनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस पहचान कराने के प्रयास में लगी हुई है।