बड़ौत में सब्जी मंडी बाईपास पर शूटरों के साथ हुई मारपीट की जानकारी लेते पुलिसकर्मी।
- फोटो : BARAUT
नकाबपोश आधा दर्जन बदमाश ने की वारदात, पुलिस ने आने पर भागे
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। नकाबपोश बदमाशों ने बृहस्पतिवार को गुराना गांव के समीप तीन निशानेबाजों से मारपीट कर लूट की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख बदमाश ईख में घुसकर फरार हो गए। पीड़ित शूटरों ने कोतवाली में बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
गुराना गांव के शूटर अभिनव मुदगल, मोनू व वंश तोमर बड़ौत स्थित गायत्री राइफल क्लब में अभ्यास करते हैं। बृहस्पतिवार को तीनों बाइक से अमीनगर सराय रोड होते हुए राइफल क्लब आ रहे थे। गुराना गांव से थोड़ी दूर ईख से निकले नकाबपोश आधा दर्जन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। गालीगलौज कर मारपीट शुरू कर दी। मोनू और वंश किसी तरह वहां से भागकर मंडी पुलिस चौकी पहुंचे और घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुुंची तो बदमाश अभिनव को छोड़कर ईख में घुसकर फरार हो गए। पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया परंतु वे हाथ नहीं आए। शूटर अभिनव और मोनू के पास अभ्यास के लिए पिस्टल भी थी। घटना के बाद पुलिस ने नकाबपोश बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पीड़ितों ने नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। इस संबंध में सीओ आलोक कुमार का कहना है कि जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।