बड़ौत। बिनौली रोड स्थित केनरा बैंक की शाखा कई माह से स्टाफ की कमी से जूझ रही है। जिससे 50 हजार से अधिक ग्राहकों का लेन-देन प्रभावित हो रहा है। लगातार शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। इससे खाताधारकों को परेशान उठानी पड़ रही है।
बैंक अफसरों की लापरवाही का खामियाजा बिनौली रोड स्थित केनरा बैंक शाखा से जुडे़ हजारों ग्राहकों को भुगतना पड़ रहा है। बैंक शाखा मेें बीते तीन-चार माह से कर्मचारियों की भारी कमी है। बैंक में 15 कर्मचारियों की आवश्यकता है। इसके सापेक्ष मात्र छह से सात कर्मचारी तैनात हैं। जिससे बैंक शाखा में लेन-देन करने वाले ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राहकों में संदीप, अशोक, प्रवीण, राजेंद्र, हर्षित, आशीष, सुनील का कहना है कि कई सप्ताह से नया डेबिट कार्ड बनवाने, पासबुक की एंट्री कराने आदि समेत अन्य कई लेन-देन के कार्यों को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय अफसरों से भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी। बैंक मैनेजर गंगाराम का कहना है कि स्टाफ की तैनाती को लेकर कई बार विभागीय अफसरों से शिकायत की जा चुकी है। उनका प्रयास खातेदारों की समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।