शामली से दिल्ली जाने वाली ट्रेन नंबर (01618) जैसे ही बड़ौत रेलवे स्टेशन से चलकर अलावलपुर गांव के पास पहुंची तो अचानक ट्रेन के आगे जेसीबी मशीन आ गई। इस दौरान उनकी जोरदार भिंड़त हो गई। इस हादसे में ट्रेन के पायदान पर बैठकर सफर कर रहा बड़ौत निवासी कक्षा नौ का छात्र अब्दुल रहमान भी घायल हो गया। घटना के बाद जेसीबी मशीन चालक मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि जेसीबी मशीन व ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि ट्रेन ट्रैक से नीचे उतरकर पलटी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, जेसीबी मशीन व ट्रेन की जोरदार भिंड़त से ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर जीआरपी इंस्पेक्टर उधम सिंह तालान, स्टेशन अधीक्षक सुधीर शर्मा, रेलवे पुलिस कर्मी व विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान तकरीबन एक घंटे ट्रेन वहीं पर खड़ी रही।
जेसीबी मशीन चालक की तलाश जारी
बताया जा रहा है कि अलावलपुर गांव के पास प्लेटफार्म पर काम चल रहा है, जिस पर जेसीबी मशीन लगी हुई है। जेसीबी मशीन चालक की घोर लापरवाही से यह हादसा हुआ है, क्योंकि ट्रेन की आवाज सुनकर व ट्रेन को आता देख फिर भी चालक ने जेसीबी मशीन नहीं हटाई। जीआरपी इंस्पेक्टर उधम सिंह तालान का कहना है कि चालक की तलाश जारी है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: West UP News Live: युवती की गला रेतकर हत्या, सनसनीखेज वारदात से दहल उठा गांव, पढ़ें ताजा खबरें