अंडरपास मार्ग मे हुए जलभराव को लेकर विरोध प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बसी रेलवे फाटक पर बने अंडरपास में बारिश से 4 फीट से भी अधिक जलभराव के कारण नगर का कई गांवों से संपर्क कटा हुआ है। इसके अलावा किसान खेतों में वाहन लेकर नही जा पा रहे हैं। विरोध में किसानों ने शनिवार को प्रदर्शन कर समाधान की मांग की।
एक वर्ष पूर्व रेलवे विभाग द्वारा बसी फाटक के समीप बनाया गया अंडरपास मार्ग किसानों एवं आम जनता के लिये जी का जंजाल बन गया है। अंडरपास मार्ग से पानी की निकासी की व्यवस्था नही की गई। जिस कारण इस मार्ग पर चार से पांच फीट तक जलभराव हो गया है। यहां वाहनों का आवागमन ठप है।
खेकड़ा नगर में क्षेत्र के ग्राम बसी, सुन्हैड़ा, महरमपुर, पाबला आदि से ग्रामीण वाहनों से आ जा नही पा रहे हैं। साथ ही किसान भी अपने खेतों में पशुओं के लिये चारा आदि लाने में असमर्थ है। रविवार को आक्रोशित किसानों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि वह हाईवे के निर्माण के बाद से ही रेलवे विभाग के अधिकारियों से अंडरपास से पानी की निकासी की व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पानी की निकासी नहीं कराई गई तो वे रेलवे ट्रैक जाम करेंगे। टिंकू, बिजेंद्र, नवाब सिंह, संजू यादव, मुकेश, रविंद्र, अनुज, विजय रहे।