बागपत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर राष्ट्र वंदना चौक पर लगे ऑनलाइन ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की एलईडी बुधवार सुबह फुंक गई। ऑनलाइन ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम भी ठप हो गया। लोगों ने एलईडी लाइट ठीक कराने की मांग की।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर राष्ट्र वंदना चौक और गौरीपुर मोड़ पर एक माह पहले ऑनलाइन ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम स्थापित कराया था। इसके बाद कुछ दिनों तक लाल और हरी लाइट जलाकर यातायात संचालन किया गया, लेकिन बाद में ऑनलाइन ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम बंद कर दिया गया। बुधवार सुबह राष्ट्र वंदना चौक पर लगे ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में लाल और हरी लाइट के ऊपर लगी एलईडी फुंक गई। इस मामले में एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की लाइट फुंकने का मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो ट्रांसफार्मर से लो और हाई वोल्टेज के कारण समस्या बनी होगी। कर्मियों को भेजकर दिखवाया जाएगा।