बागपत। पुलिस लाइन से वृंदावन जाने के लिए टूरिस्ट बस की बुकिंग कर संचालक विजय निवासी खट्टा प्रहलादपुर से 98 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया। साइबर ठगी का पता चलने पर बस संचालक ने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद एसपी से भी शिकायत की।
खट्टा प्रहलादपुर गांव निवासी विजय कुमार ने बताया कि दो दिन पहले फोन करके उनकी टूरिस्ट बस पुलिस लाइन से वृंदावन जाने के लिए बुक की गई थी। तय किए गए समय शुक्रवार की सुबह उन्होंने फोन पर बात करके टूरिस्ट बस पुलिस लाइन के गेट बाहर भेज दी। बुकिंग करने वालों ने चालक से फोन पर बात कर पुलिस लाइन के अंदर जाने की अनुमति का पास लेकर आने के बारे में कहा। करीब दो घंटे तक चालक पुलिस लाइन के बाहर खड़ा रहा। बुकिंग करने वालों ने फोन करके ऑनलाइन चैक से भुगतान करने की बात कहीं और एक क्यूआर कोड व्हाट्सएप पर भेज दिया। क्यूआर कोड स्कैन करते ही बैंक खाते से 50 हजार रुपये और फिर 48 हजार रुपये कट गए। विजय कुमार ने बताया कि साइबर ठगों ने उनके साथ ठगी की घटना की है। एसपी सूरज कुमार राय ने साइबर थाना पुलिस से जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।