छपरौली। कस्बे के चौधरी चरण सिंह राजकीय महाविद्यालय के पास शुक्रवार देर रात भैंसा बुग्गी और बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत में 11वीं कक्षा के छात्र प्रिंस (17) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथी दीक्षित और बाली घायल हो गए। घायलों का राहगीरों ने सीएचसी में उपचार कराया, जहां से दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
ककौरकलां गांव निवासी राजमिस्त्री बॉबी का बेटा प्रिंस शुक्रवार को अपने साथी दीक्षित और बाली के साथ किसी काम से छपरौली आया था। देर रात गांव लौटते समय जैसे ही बदरखा मार्ग पर स्थित चौधरी चरण सिंह राजकीय महाविद्यालय के सामने पहुंचा तो सामने से आ रही भैंसा बुग्गी से भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना पर आए पुलिसकर्मियों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही प्रिंस की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि प्रिंस विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा का छात्र था। इसमें जांच अधिकारी आशीष पुंडीर ने बताया कि दोनों घायलों का उपचार कराया जा रहा है। इसमें शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।