- अग्रवाल मंडी टटीरी में मेरठ-बागपत रोड, बड़ौत में बिनौली और बुढ़ाना रोड पर बनेंगे रेलवे ओवरब्रिज
- सांसद डा. सत्यपाल सिंह के प्रस्ताव पर पहले लगी थी मुहर, अब 90.82 करोड़ का बजट भी हुआ मंजूर
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दिल्ली-शामली रेलवे लाइन पर तीन ओवरब्रिज बनाने के लिए प्रदेश सरकार से 90.82 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी मिल गई है। इनमें एक ओवरब्रिज अग्रवाल मंडी टटीरी व दो बड़ौत में बनाए जाएंगे। इससे लोगों को रेलवे फाटकों पर नहीं खड़ा रहना पड़ेगा। जाम से भी मुक्ति मिल जाएगी।
सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने मेरठ-बागपत रोड पर अग्रवाल मंडी टटीरी और बड़ौत में बिनौली रोड व बुढ़ाना रोड पर रेलवे ओवरब्रिज का प्रस्ताव पास कराया था। लेकिन उनके निर्माण के लिए बजट की मंजूरी नहीं हो रही थी। इसी वजह से मामला लटका हुआ था। अब प्रदेश के वित्त विभाग से इन तीनों ओवरब्रिज के निर्माण के लिए 90.82 करोड़ के बजट की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी करके निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकता है। सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने बताया कि इन तीनों जगहों पर रेलवे ओवरब्रिज बनने से लोगों को काफी देर तक रेलवे फाटक पर खड़े होने से मुक्ति मिल जाएगी। कई बार फाटक बंद होने से जाम लग जाता था और उससे भी परेशानी होती थी। इन सभी समस्याओं का ओवरब्रिज बनने से समाधान हो जाएगा।