बागपत/खेकड़ा। जिले में कोरोना संक्रमण के तीन नए मामले मिले हैं। मवी कलां गांव में दो पुरुष और एक महिला संक्रमित मिली। एसडीएम खेकड़ा राजपाल सिंह के पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तहसील के 32 कर्मचारियों और अधिकारियों के सैंपल लिए हैं। दो दिन के लिए तहसील में बाहरी लोगों का प्रवेश बंद रहेगा।
सीएमओ डॉ आरके टंडन ने बताया कि मवी कलां में चार दिन पूर्व 40 ग्रामीणों के सैंपल लिए गए थे। बुधवार को उनकी जांच रिपोर्ट आ गई। जांच रिपोर्ट में तीन ग्रामीण कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर आस पास के 100 से अधिक लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए होम क्वारंटीन किया। साथ ही पाजिटिव मिली दोनों महिलाओं को खेकड़ा स्थित कोविड अस्पताल एवं पुरुष को अग्रवाल मंडी टटीरी के सर्वोदय अस्पताल में इलाज के लिए भिजवाया।
एसडीएम कार्यालय पर लटका है ताला
खेकड़ा। एसडीएम के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा है। एसडीएम कार्यालय पर भी ताला लटका है। इससे फरियादियों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। साथ ही डॉ. श्रवण कुमार, फार्मासिस्ट धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम खेकड़ा तहसील में पहुंची और कर्मचारियों के सैंपल लिए।
हर थाने में स्थापित की कोविड केयर हेल्प डेस्क
बागपत। कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिले के हर थाने में कोविड केयर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। एएसपी अनित कुमार ने बताया कि सभी थानों के अलावा पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन में भी कोविड केयर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसमें पुलिसकर्मियों तथा फरियादियों की थर्मल स्कैनिंग, सैनिटाइजर, मास्क की सुविधा उपलब्ध होगी । गौरतलब है कि जिले में कई पुलिसकर्मी संक्रमित मिल चुके हैं।
ईओ को भी बुखार
खेकड़ा। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल पंडित कई दिनों से कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। बताया जाता है कि वह भी बुखार से पीड़ित है। हालांकि ईओ का कोरोना टेस्ट नहीं हुआ है।