दिल्ली से लौट रहे व्यक्ति से सोमवार की रात लूटी थी बाइक
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा (बागपत)। गांव नूरपुर खालसा निवासी व्यक्ति से चार बदमाशों ने बाइक लूट ली। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को दबोच लिया। उनके कब्जे से लूटी गई दो बाइक भी बरामद की है।
गांव नूरपुर खालसा निवासी सतीश कुमार दिल्ली की एक कपड़ा कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता है। वह रोजाना बाइक से दिल्ली आता जाता है। सोमवार की रात करीब दस बजे वह दिल्ली से लौट रहा था। गांव के पास ही बाइक सवार चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे रोक लिया और बाइक लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत कोतवाली पुलिस को वारदात की सूचना दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बदमाशों को डूंडाहैड़ा चेक पोस्ट के पास घेर लिया। एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर जंगल में फरार हो गया जबकि तीन को दबोच लिया गया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश अक्षय निवासी मवीकलां, रविंद्र सबगा, निशांत टटीरी है। फरार बदमाश बागपत निवासी विशाल है। उनके कब्जे से बगैर नंबर प्लेट की लूटी गई दो बाइकें भी बरामद की गई है। मंगलवार को तीनों बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया।