लोगों संग मारपीट करके एक सप्ताह पहले की गई थी लूटपाट
फरार चार बदमाशों की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सूजरा रोड पर एक सप्ताह पहले कई लोगों के साथ लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को चकमा देकर चार अन्य बदमाश फरार हो गए है। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है।
क्यामपुर निवासी विनय कुमार व कर्मवीर, सूजरा के अंशुल, आगरा के रवि सहित कई अन्य लोगों के साथ चार जनवरी की शाम बदमाशों ने सूजरा रोड पर लूटपाट की थी। बदमाशों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला करके घायल कर दिया था। मोबाइल, नकदी व अन्य सामान लूट लिया था। इससे किसी का होठ फट गया था तो किसी का दांत टूट गया था। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को सूजरा रेलवे हाल्ट के पास से तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। कोतवाली प्रभारी तपेश्वर सागर का कहना है कि इन बदमाशों में रोबिन पुत्र तेजपाल, शहजाद पुत्र नजर मोहम्मद उर्फ कलुआ, दिलशाद उर्फ दिल्ला पुत्र इस्लाम निवासीगण इदरीशपुर हैं। जबकि इनके गांव के ही शहनवाज पुत्र मंगता के अलावा औसिक्का व असारा के रहने वाले बदमाश भाग बए। बदमाशों के पास से तीन तमंचे, कारतूस के अलावा लूटे गए तीन मोबाइल बरामद हुए है।
ट्रैक्टर से एक व्यक्ति को कुचले का प्रयास
बागपत। पुराना कस्बा निवासी हरि सिंह, प्रेमचंद व जयकिशन ने बताया कि उनकी यमुना के पक्का घाट के पास तीन बीघा जमीन है। आरोप है कि उस जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और प्लाटिंग करने की तैयारी में लगे हैं। इस जमीन का मामला अदालत में विचाराधीन है। आरोप है कि मिट्टी डालकर भराव किया जा रहा था तो ट्रैक्टर रोकने का प्रयास करने पर उनको कुचलने का प्रयास किया गया। पुलिस से शिकायत करने पर मामले की जांच शुरू की गई।
दो पक्षों में मारपीट, कार में तोड़फोड़
बागपत। ईदगाह मोहल्ले में बाबू व जुल्फिकार पक्ष में विवाद चल रहा है। उनके बीच शुक्रवार को झगड़ा हो गया। एक पक्ष के बाबू का कहना है कि विपक्षियों ने घर में घुसकर उसके साथ ही पत्नी नसीम, बेटी शाहिबा, शबा व मुस्कान पर हमला किया। बचाव में आए भतीजे आरिफ, फुरकान के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने तमंचे से फायर किया। वह गोली लगने से बाल-बाल बचे। उसने पुलिस से शिकायत की। वहीं, जुल्फिकार पक्ष ने बाबू पक्ष पर हमला करने व कार में तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। ोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। चौकी प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मृत गोवंशों को गोशाला भेजने पर हंगामा
चांदीनगर। खट्टा प्रहलादपुर गांव की अस्थाई गोशाला में छपरौली के तुगाना गांव से ट्रक में करीब 23 गोवंश लाए गए। इसी दौरान खेत में काम कर रहे ग्रामीण ने ट्रक देखा तो उसमें काफी गोवंश घायल व मृत हालत में मिले। इस पर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के बाद ट्रक चालक गोवंश को वापस लेकर चला गया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है।