-दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा, गाजियाबाद के लोनी जा रहे थे
फोटो 11 की सीरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर गलत दिशा से आ रही कार ने बाइक सवार तीन भाइयों को टक्कर मार दी। वहीं, एक अन्य हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ।
शामली जिले के कैराना निवासी रिजवान अपने दो भाइयों शहजाद और शकील के साथ मजदूरी करने गाजियाबाद के लोनी जा रहे थे। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर गौरीपुर मोड़ से आगे निवाड़ा गांव के पेट्रोल पंप के सामने यह हादसा हुआ। रिजवान ने बताया कि गलत दिशा में आ रही कार के चालक ने पहले गाड़ी धीमी की। जैसे ही वे कार के पास पहुंचे, चालक ने अचानक कार दौड़ा दी। कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों भाई हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। तीनों भाइयों का उपचार जिला अस्पताल में किया गया।
एक अन्य घटना में पुराना कस्बा निवासी रोजुद्दीन की बाइक पशुपैठ के पास दूसरी बाइक से टकरा गई। इस हादसे में रोजुद्दीन घायल हो गए। उन्हें भी जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। डॉक्टर शाहिल अली ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को घर भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।