रमाला। किरठल गांव में हुई बीए के छात्र अनिकेत की हत्या में गिरफ्तार आरोपी राजीव, विकास और अंशु को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। अन्य वांछित हत्यारोपियों की तलाश में कई ठिकानों पर दबिश दी गई।
किरठल गांव में शनिवार रात पटाखे फोड़ने का करवा टूटने पर अनिकेत और उसके भाई के साथ कुछ युवकों ने गाली-गलौज कर दी थी। रविवार की सुबह इसका उलाहना देने पर बीए के छात्र अनिकेत की सीने और कमर में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। जबकि उसके पिता अमित पर हमला कर घायल कर दिया गया। अनिकेत की हत्या में उसके पिता अमित ने पड़ोसी कृष्ण, उसके दो बेटों राजीव, विकास के अलावा अंशु निवासी रोशनगढ़ और सूरज निवासी किरठल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। जांच अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि हत्यारोपी राजीव, विकास और अंशु को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू और लाठी-डंडे बरामद किए गए। हत्या में वांछित दो आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।