रटौल। कस्बे में गैस एजेंसी पर बुकिंग किए गए सिलिंडरों की डिलीवरी न होने पर उपभोक्ताओं ने सोमवार को जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मचारी सिलिंडरों को बुक दिखाकर उनकी कालाबाजारी कर रहे हैं। उपभोक्ताओं ने इस मामले में जिलाधिकारी से शिकायत करने की चेतावनी दी है।
सोमवार को दिनभर गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ लगी रही। खैला गांव निवासी राजेंद्र ने बताया कि उन्होंने कई दिन पहले सिलिंडर बुक कराया था, लेकिन घर पर नहीं भेजा गया। जब वह सिलिंडर लेने एजेंसी पहुंचे तो कर्मचारी ने बताया कि सिलिंडर की डिलीवरी हो चुकी है। राजेंद्र ने इस पर आपत्ति जताई। रटौल निवासी चांद ने भी ऐसी ही शिकायत की। उन्होंने बताया कि बीस मार्च को ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद उन्हें अभी तक सिलिंडर नहीं मिला है, जबकि एजेंसी कर्मी डिलीवरी का दावा कर रहे हैं। रटौल के प्रदीप कुमार, मुस्तर बेगम, मोहसिन, चमरावल गांव के शिवम, लहचौड़ा के फैयाज अली और सिंगौली तगा के जोगेंद्र ने भी सिलिंडरों की कालाबाजारी का आरोप लगाया। इस मामले में गैस एजेंसी के मालिक बदर मोहम्मद ने उपभोक्ताओं के आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए बेवजह आरोप लगा रहे हैं। सोमवार को एजेंसी से सौ से अधिक सिलिंडरों का वितरण किया गया। उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताया।
वर्जन-रटौल गैस एजेंसी की अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। जो सूचना मिली है, उसके बारे में कंपनी के सेल्समैन को अवगत करा दिया गया है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। -अनूप तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी