दिल्ली-सहारनपुर इकनॉमिक कॉरिडोर के संबंध में किसान संघर्ष समिति की बैठक में उठाई गई उचित मुआवजे की मांग
सांसद ने कहा, प्रत्येक गांव से पांच-पांच लोगों की बनाएं कमेटी, इसी के अनुरूप काम करेंगे प्रशासनिक अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर इकनॉमिक कॉरिडोर के संबंध में किसान संघर्ष समिति की ओर से आयोजित बैठक में बागपत, शामली और सहारनपुर के किसानों ने उचित मुआवजे की मांग उठाई। मुख्य अतिथि बागपत सांसद डा सत्यपाल सिंह ने कहा कि कॉरिडोर के के मुआवजे में कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। किसानों को उचित मुआवजा मिलेगा। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे प्रत्येक गांव से पांच-पांच लोगों को शामिल कर एक कमेटी बनाएं। कमेटी जैसा तय करेगी, उसी के अनुरूप अधिकारी काम करेंगे। कमेटी में बेईमान लोगों को शामिल न करें।
रेजोनन्स स्कूल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ बागपत सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह, पूर्व मंत्री साहब सिंह, डीएम राजकमल यादव, एडीएम अमित कुुमार, एनएचआई के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय मिश्र, एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया। सांसद डा सत्यपाल सिंह ने कहा कि सबसे मेहनती कौम किसान होती है। कहा कि बागपत का विकास नोएडा की तरह कराऊंगा। दिल्ली-सहारनपुर इकनॉमिक कॉरिडोर कहा कि डेढ़ घंटे में लोग देहरादून पहुंच जाएंगे। इसके लिए मिलने वाले मुआवजे में किसी तरह को भेदभाव नहीं होगा। किसानों को उचित मुआवजा दिलाकर ही दम लूंगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में विकास कराया। पिछली सरकारों ने हमारे बच्चों को गुंडा बनाने का काम किया था। वर्तमान मोदी व योगी सरकार बच्चों का भविष्य बनाने के लिए काम कर रही है। आने वाले समय में किसानों को बिजली मुफ्त मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही बागपत में दुग्ध प्लांट भी लगेगा, ताकि युवाओं को रोजगार मिलेगा। पूर्व मंत्री साहब सिंह ने कहा कि किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। डीएम राजकमल यादव और एनएचआई के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय मिश्र ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में कृष्णपाल, श्रीभगवान, पंकज, नवनीत, अनिल, सुभाष, राकेश, पवन शर्मा, विक्रम, गौरव मलिक आदि मौजूद रहे।