बड़ौत। नगर के गुराना रोड पर शनिवार शाम कार सवार युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर लोग उधर दौड़े तो हमलावर भाग निकले। बाद में पीड़ितों ने रेलवे रोड पुलिस चौकी पर पहुंचकर हंगामा किया।
गुराना रोड निवासी सोनू कश्यप किसी काम से बाजार गया हुआ था। सामान खरीदने के बाद जब वह घर लौट रहा था तो घर के नजदीक पहुंचने पर एक कार सवार 8 से 10 युवकों ने उस पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। लोगों को आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बाद में पीड़ित पक्ष के लोग रेलवे रोड पुलिस चौकी पर पहुंचे, जहां पर उन्होंने तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इंस्पेक्टर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।