बड़ौत। होली पर्व पर छपरौली, किरठल, अमीनगर सराय आदि संपर्क मार्गों पर मंगलवार को बसों का टोटा होने के कारण यात्रियों को डग्गामार वाहनों में सफर करने को मजबूर होना पड़ा, जिनमें यात्रियों को किराया भी अधिक देना पड़ा।
होली पर्व पर यात्रियों की संख्या देखते हुए परिवहन विभाग के अधिकारियों ने मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, दिल्ली, मथुरा आदि रूटों पर तो बसों की संख्या व फेरे बढ़ा रखे हैं। जिसके चलते इन रूटों पर यात्रियों को आवागमन करने में परेशानी नहीं आ रही है, मगर संपर्क मार्गों पर बसों की संख्या व फेरे नहीं बढ़ाए गए। बसों की कमी से बड़ौत से छपरौली, टांडा, अमीनगर सराय, दाहा, बरनावा आदि रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। घंटों स्टैंडों पर बसों का इंतजार करना पड़ा। इसके बाद मजबूरी में डग्गामार वाहनों में दोगुना किराया देकर सफर करना पड़ा। विनय, राहुल, मोहित, ओमपाल आदि यात्रियों का कहना था कि इन रूटों पर भी विभागीय अधिकारियों को बसों की संख्या बढ़ानी चाहिए थी।
वर्जन -
होली पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगभग सभी रूटों पर बसों की संख्या व फेरे बढ़ाए गए हैं और समय सारिणी के अनुसार बसों का संचालन कराया जा रहा है। अतिरिक्त बसों का संचालन पांच मार्च तक जारी रहेगा। -प्रमोद कुमार, बस संचालन प्रभारी