बागपत। सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज के पास स्थित गैस एजेंसी पर सिलिंडर नहीं मिलने पर लोगों ने हंगामा किया। उन्होंने एजेंसी के कर्मियों पर चक्कर लगवाने का भी आरोप लगाया। इस दौरान लोगों की एजेंसी के कर्मियों से नोकझोंक भी हुई।
गैस एजेंसी पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। वहां आए अग्रवाल मंडी टटीरी निवासी जोनी जिंदल ने बताया कि उन्होंने एक सप्ताह पहले ऐप से ऑनलाइन सिलिंडर बुक किया था, अब सिलिंडर की डिलीवरी दिखाई जा रही है। वहीं उन्हें सिलिंडर नहीं दिया गया। उन्होंने अधिकारियों से शिकायत करने की चेतावनी दी। इसके अलावा मांगेराम ने बताया कि बुकिंग कराने के बाद पांच दिन से अगले दिन आने की बात कहकर चक्कर लगवाए जा रहे हैं। मोहल्ला मुगलपुरा निवासी इकबाल ने बताया कि तीन दिन से सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी पर आ रहा है और कई घंटे लाइन में लगने के बाद भी सिलिंडर नहीं दिया। इस मामले में जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी का कहना है कि हंगामे की जानकारी नहीं है।