रमाला (बागपत)। मंगलवार की रात में जिवानी गेट के पास निर्माणाधीन पुल से ट्रक में लोहा चोरी करने आए युवक 112 डायल गाड़ी को देखकर ट्रक मौके पर ही छोड़कर भाग गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
दिल्ली सहारनपुर मार्ग पर पुलिया व डिवाइडर का कार्य चल रहा है। इसका निर्माण कृष्णा कंस्ट्रक्शन कर रही है। जिवानी गेट के पास हाईवे पर निर्माणाधीन पुल पर मंगलवार की रात में पांच युवक ट्रक लेकर पहुंचे। युवकों ने ट्रक में वहां पड़ी लोहे की प्लेट, कप्लर व सरिया गाड़ी में भरना शुरू कर दिया, तभी गश्त करती हुई डायल 112 गाड़ी वहां पहुंची तो पुलिस को देखकर बदमाश ट्रक मौके पर ही छोड़कर भाग गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षेत्र में कई घंटे कांबिग की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। युवकों ने पहचान मिटाने के लिए ट्रक पर नंबर प्लेट पर भी कालिख पोत रखी थी। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें लोनी टोल प्लाजा की दो मार्च की पर्ची मिली। पुलिस टोल से फुटेज निकलवा रही है।
रजबहे में मिला युवक का शव
बड़ौत। गुराना रोड रेलवे फाटक के पास रजबहे में एक 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक युवक की शनाख्त नहीं हुई है। फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गय है।