बागपत जिला अस्पताल में कोरोना वायरस कक्ष
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। कोरोना वायरस को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है। जिला अस्पताल सहित जिले के प्रत्येक सीएचसी और पीएचसी पर एक-एक आइसोलेशन वार्ड आरक्षित किया गया है। जिला अस्पताल में मास्क की व्यवस्था कर ली गई। जिले भर के निजी अस्पतालों की सूची भी तैयार की जा रही है। उसने चिकित्सीय सुविधाओं का ब्योरा मांगा गया है।
कोरोना वायरस के संभावित प्रकोप से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारी में जुटा है। अगर कोई संदिग्ध मिलता है तो उसे तुरंत इस वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा। कोरोना वायरस से निपटने के लिए जिले के नोडल अधिकारी डॉ भुजवीर सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल एवं सभी सीएचसी पर आइसोलेशन वार्ड आरक्षित कर दिए गए है। जिला अस्पताल में एन-95 मास्क की व्यवस्था कर ली गई है। स्टॉक में 90 मास्क है। सभी सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों की सूची तैयार की जा रही है। प्राइवेट अस्पतालों के संचालकों से सुविधाओं का ब्योरा मांगा गया है। कोई संदिग्ध दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग को जानकारी देने के निर्देश दिए गए है।
जिले में अब तक हो चुकी है 15 लोगों जांच
बागपत। जिले में 15 लोग संदिग्ध मिले थे। इनमें से 12 लोगों का 28 दिन तक जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में नियमित परीक्षण किया गया था। इसके अलावा अन्य तीन संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ लैब भेजे गए थे। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में अभी तक कोरोना वायरस का केस नहीं मिला है।
पारा बढ़ेगा तो कोरोना का खतरा होगा कम
बागपत। नोडल अधिकारी डॉ भुजवीर सिंह और बागपत सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि वायरस नमी में बड़ी तेजी से फैलता है। मगर जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है वायरस नष्ट होना शुरू हो जाता है। वायरस को नष्ट होने के लिए कम से कम 26 से 31 डिग्री का तापमान चाहिए।
ठंडी चीजों का करें परहेज
बागपत। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत का कहना है कि संक्रमण से बचने ने लिए ठंडी चीजें जैसे कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम आदि का परहेज करना चाहिए। गर्म चीजों का सेवन करना चाहिए। धूप लेनी चाहिए ताकि शरीर का तापमान सही बना रहे। किसी व्यक्ति के छींकने पर धूप में जाकर अपने कपड़े झाड़ने चाहिए।