-गन्ना विभाग के अधिकारियों का मानना है कि मौसम ठंडा होने के बाद ही बढ़ती है गन्ने से रिकवरी
-रिकवरी नौ प्रतिशत आने के बाद शुरू कराई जाएंगी बागपत व रमाला चीनी मिल, दिवाली के बाद होगा सर्वे
फोटो-आठ
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मौसम गर्म होने के कारण अक्तूबर माह में चीनी मिलों को चालू नहीं किया जाएगा। गन्ना विभाग के अधिकारियों का मानना है कि जितनी सर्दी होती है, उतनी ही गन्ने में रिकवरी बढ़ती है। इसलिए नौ प्रतिशत रिकवरी न आने तक चीनी मिलों को चालू नहीं करने का फैसला लिया है। दिवाली के बाद रिकवरी की जांच की जाएगी और उसके बाद नवंबर माह में चीनी मिलों को चलाया जाएगा।
लगातार बदल रहे मौसम के कारण चीनी मिलों पर भी इसका प्रभाव पड़ रहा है। गर्म मौसम के कारण चीनी की रिकवरी घट जाती है। जब तक मौसम ठंडा नहीं हो जाता, तब तक मिलों को नहीं चलाया जाता। गन्ना विभाग ने कुछ दिन पहले सर्वे कराया था तो चीनी की रिकवरी साढ़े छह से साढ़े सात प्रतिशत आई, जो काफी कम है। इसलिए ही अक्तूबर माह में चीनी मिलों को चालू नहीं किया जाएगा। चीनी मिलों को चालू करने के लिए नौ प्रतिशत रिकवरी आनी जरूरी है। गर्म मौसम में यह संभव नहीं है। इसलिए इस बार चीनी मिल नवंबर माह में चालू की जाएगी। गन्ना आयुक्त ने दिवाली के बाद गन्ने का सर्वे करने के बाद रिकवरी देखने के निर्देश दिए और कहा कि यदि रिकवरी नौ प्रतिशत आती है तो मिलों को नवंबर माह के पहले सप्ताह में चालू कर दिया जाए।
यदि रिकवरी घटती है तो मिलों को चालू करने का समय बढ़ाया जाए ताकि मिलों को किसी भी तरह का नुकसान न हो। यदि मिल देरी से चलती है तो इस बार देरी से बंद होगी। मिलों के देरी से चलने के कारण किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जिला गन्ना अधिकारी अमर प्रताप सिंह ने बताया कि नवंबर माह में ही चीनी मिलों को चालू किया जाएगा। इस समय मौसम गर्म है और ऐसे में रिकवरी घट रही है। नवंबर में मौसम ठीक हो जाएगा।