दोघट। बामनौली गांव में चार माह पूर्व बनवाई गई गोशाला में रखे गए 150 गोवंशों को ग्रामीणों ने बाहर निकाल दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार की ओर से उन्हें कोई मदद नहीं दी गई।
बामनौली गांव में किसान अनिल कुमार ने अपनी चार बीघा जमीन में अपने खर्च से गोशाला बनवाई थी। इसमें ग्रामीणों ने एक समिति बनाकर इसे सही ढंग से चलाने का निर्णय लिया था। बताया कि उस समय बीडीओ बिनौली ने आश्वासन दिया था कि प्रति गोवंश सरकार से 30 रुपये प्रतिदिन दिया जाएगा। मगर, सरकार की ओर से एक पैसा भी नहीं मिला है। चार माह से ग्रामीण ही गोवंश खर्च उठा रहे थे। बीडीओ को जानकारी देने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। नाराज ग्रामीणों ने सभी गोवंशों को गोशाला से बाहर निकाल दिया। ग्रामीणों ने बैठक कर प्रशासन को चेतावनी दी की यदि दो दिन के अंदर खेतों में घूम रहे गोवंशों का प्रबंध नहीं हुआ तो सभी को बड़ौत तहसील मुख्यालय में छोड़ आएंगे।
बीडीओ बिनौली राहुल वर्मा का कहना है कि फाइल तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। एक दो दिन में ही यह मदद पहुंचा दी जाएगी। इस मौके पर नरेश डारेक्टर, सुभाष, विनोद, अनिल, हरिओम शर्मा, धर्मेंद्र, विकास, बिट्टू, सुरेंद्र, संजय, रामकृपाल, रमेश, लीलू मौजूद रहे।